Mon, 07 Sep 2026
Post Details

पंजाब में सरकारी रिहैब सेंटर की सुरक्षा पर सवाल, बड़ी संख्या में मरीज फरार

पंजाब के मोगा में स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से करीब 30 मरीजों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मरीजों ने पहले केंद्र के स्टाफ और सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ मारपीट की और फिर ताला तोड़कर मौके से भाग निकले। पूरी घटना केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और फरार युवकों की तलाश तेज कर दी है।

स्टाफ और मरीजों के बीच विवाद के बाद भड़का मामला
जानकारी के अनुसार, नशा मुक्ति केंद्र में किसी बात को लेकर मरीजों और स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई थी। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। मौके का फायदा उठाकर करीब 30 युवक केंद्र का ताला तोड़कर फरार हो गए। हालांकि कुछ मरीजों को वहीं पकड़ लिया गया, लेकिन बड़ी संख्या में युवक भागने में सफल रहे।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
नशा मुक्ति केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में कुछ युवक हंगामा करते और तेजी से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोट इसे खां की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस बाकी मरीजों को पकड़ने की कोशिश में
पुलिस ने केंद्र और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों और सिक्योरिटी स्टाफ के बयान भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल फरार मरीजों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216347

Share this Post