Thu, 21 May 2026

6 दिन में सोशल मीडिया सेंसेशन बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, इंस्टाग्राम पर 1.4 करोड़ फॉलोअर्स

सिर्फ छह दिन पहले बनाई गई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। गुरुवार दोपहर तक पार्टी  के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1.4 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे, जो देश की कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों से भी अधिक हैं। पर अब इसके सोशल मीडिया पेज को ब्लॉक कर दिया गया है।

इंस्टा पर भाजपा और कांग्रेस से ज्यादा फॉलोवर्स
इंस्टाग्राम पर कांग्रेस के करीब 1.33 करोड़, भाजपा के 87 लाख, आम आदमी पार्टी के 87 लाख और CPI(M) के करीब 2.35 लाख फॉलोअर्स हैं। ऐसे में CJP का अचानक इतनी तेजी से लोकप्रिय होना राजनीतिक और सोशल मीडिया जगत में चर्चा का विषय बन गया है।

एक्स अकाउंट भारत में ब्लॉक
कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भी तेजी से वायरल हो रहा था। गुरुवार सुबह तक पार्टी के एक्स अकाउंट पर करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स हो चुके थे। हालांकि दोपहर करीब 12 बजे यह अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया। एक्स की ओर से बताया गया कि यह कार्रवाई भारत में लागू स्थानीय कानूनों, कोर्ट के आदेश या कानूनी शिकायत के आधार पर की गई है।

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अकाउंट ब्लॉक होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें पहले से ही इस तरह की कार्रवाई की आशंका थी। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP के एक्स अकाउंट को भारत में बैन कर दिया गया है।

CJI सूर्यकांत के बयान के बाद बनी पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत उस विवाद के बाद हुई, जिसमें कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि CJI सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की थी। हालांकि अगले ही दिन CJI सूर्यकांत ने साफ किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से वायरल हो गया और उसी के बाद CJP नाम से यह पार्टी बनाई गई।

पार्टी का नारा और लोगो भी चर्चा में
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना नारा भी जारी किया है “सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।” इसके साथ पार्टी का लोगो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। राजनीतिक व्यंग्य और सोशल मीडिया ट्रेंड के रूप में शुरू हुई यह पार्टी अब इंटरनेट पर बड़े स्तर पर चर्चा बटोर रही है।


120

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 162461