Thu, 21 May 2026

पंजाब रोडवेज, पनबस और PRTC कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

अमृतसर में बस स्टैंड पर मंगलवार को पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की ओर से दो घंटे का शांतिपूर्ण रोष प्रदर्शन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार से उनकी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

मंत्री के आश्वासन के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
यूनियन के प्रदेश नेता जोध सिंह ने बताया कि 18 मई को कर्मचारियों द्वारा एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की गई थी। इसके बाद पंजाब के वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल चीमा के साथ बैठक हुई थी, जिसमें मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया था। हालांकि कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है।

कई सालों से जारी है संघर्ष
यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारी पिछले कई वर्षों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे पिछली सरकारें रही हों या मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार, कर्मचारियों को हर बार आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में आउटसोर्स और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को पक्का करना, आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए केस वापस लेना और निकाले गए कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर बहाल करना शामिल है।


70

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 162369