Thu, 21 May 2026

तेल सप्लाई संकट पर पेट्रोल पंप डीलर्स अलर्ट, सरकार से लगाई मदद की गुहार

पंजाब में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई को लेकर हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी सामने आने लगी है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर पंजाब पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन (PPDA) ने पंजाब सरकार को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह दोआबा ने मुख्य सचिव को भेजे पत्र में कहा है कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के कई पेट्रोल पंपों पर बार-बार ड्राई-आउट की स्थिति बन रही है। लगातार सप्लाई प्रभावित होने के कारण कई जगहों पर पेट्रोल और डीजल पूरी तरह खत्म होने लगे हैं।

समय पर भुगतान के बावजूद नहीं मिल रही सप्लाई
डीलर्स एसोसिएशन का कहना है कि पेट्रोल पंप संचालक समय पर एडवांस पेमेंट और कंपनियों की सभी जरूरी शर्तें पूरी कर रहे हैं। इसके बावजूद तेल कंपनियां नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हो रही हैं। इससे पेट्रोल पंप संचालकों को आर्थिक नुकसान के साथ संचालन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

महंगा प्रीमियम फ्यूल खरीदने का आरोप
एसोसिएशन ने तेल कंपनियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई डीलरों पर महंगा प्रीमियम पेट्रोल खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल की सप्लाई लेने से पहले प्रीमियम फ्यूल का इंडेंट भरने के लिए कहा जा रहा है। इससे डीलरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारें
ईंधन की कमी के चलते कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। किसानों और वाहन चालकों में तेल खत्म होने की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालात ऐसे बन रहे हैं कि लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं।

सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की मांग
पंजाब पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि तेल कंपनियों को सख्त निर्देश जारी कर राज्य में पेट्रोल और डीजल की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए। एसोसिएशन का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है।


70

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 162369