Mon, 07 Sep 2026
Post Details

जालंधर में श्री गुटका साहिब की बेअदबी, राजा गार्डन में लोगों का प्रदर्शन

जालंधर में श्री गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना राजा गार्डन इलाके की बताई जा रही है, जहां सोमवार रात करीब 11 बजे श्री गुटका साहिब के अंग बिखरे हुए मिले। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और निहंग सिंहों में भारी रोष देखने को मिला।

लोगों ने जताया गुस्सा, माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप
इलाके के लोगों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया है ताकि आपसी भाईचारे और धार्मिक माहौल को खराब किया जा सके। घटना के विरोध में लोगों और निहंग सिंहों ने देर रात प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे निहंग सिंहों ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार सख्त कानून बनाने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्म का अपमान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज के लिए मिसाल बने।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल के SHO पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साई भीड़ को शांत कराया और श्री गुटका साहिब के अंगों को पूरे सम्मान के साथ एकत्रित कर आगे की कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना को किसने और कब अंजाम दिया।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216347

Share this Post