Mon, 18 May 2026

होशियारपुर मुठभेड़ का लाइव वीडियो: कस्टडी से भाग रहे कैदी ने पुलिसकर्मी पर किया चाकू से वार, हाथापाई के दौरान गोली चलने से मौत

होशियारपुर में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे एक कैदी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत का एक बेहद सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक पुलिसकर्मी सुरक्षा के बीच कैदी को एक ई-रिक्शा के अंदर बैठाने की कोशिश कर रहा है। इसी दौरान मौका पाकर कैदी अचानक पुलिसकर्मी की गिरफ्त से छूटकर भागने का प्रयास करता है। खुद को छुड़ाने के लिए वह पुलिसकर्मी पर चाकू से एक के बाद एक कई वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, जानलेवा हमले के बावजूद जांबाज पुलिसकर्मी कैदी के हाथ में बंधी हथकड़ी की चेन को नहीं छोड़ता है, जिसके कारण कैदी उसे घसीटते हुए ई-रिक्शा से बाहर गली में ले आता है।

पिस्टलन छीनने की कोशिश और जमीन पर खूनी झड़प

ई-रिक्शा से बाहर आने के बाद दोनों के बीच बीच सड़क पर ही हिंसक हाथापाई शुरू हो जाती है। वीडियो के अगले हिस्से में दिखाई देता है कि पुलिसकर्मी कैदी को डराने और काबू में करने के लिए अपनी सरकारी पिस्टल से हवाई फायर करता है। इस पर कैदी डरने के बजाय और उग्र हो जाता है तथा पुलिसकर्मी से ही उसकी पिस्टल छीनने की कोशिश करने लगता है। इसी छीना-झपटी के दौरान दोनों संतुलन खो बैठते हैं और एक दीवार से टकराकर सीधे जमीन पर जा गिरते हैं। जमीन पर गिरने के बाद भी दोनों के बीच गुत्थमगुत्था और संघर्ष जारी रहता है। इसी बीच अचानक गोली चल जाती है, जो कैदी को जा लगती है और वह तुरंत वहीं गली में ढेर हो जाता है।

धमाका सुनकर दौड़े लोग, ई-रिक्शा चालक मौके से फरार

दिनदहाड़े गली में गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच जाता है और आसपास के घरों से लोग तुरंत बाहर निकल आते हैं। वहीं, हालात को बिगड़ता देख ई-रिक्शा चालक तुरंत अपने वाहन को लेकर मौके से रफूचक्कर हो जाता है। घटना के तुरंत बाद कुछ स्थानीय लोग जमीन पर तड़प रहे कैदी की मदद के लिए आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन वहां चारों तरफ फैले खून को देखकर और मामले की गंभीरता को भांपते हुए वे पीछे हट जाते हैं। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस कस्टडी की सुरक्षा और मौके पर पैदा हुए हालातों को बयां किया है।


9

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 161555