Thu, 22 Oct 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

होशियारपुर अस्पताल में हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस से हथियार छीनने की कोशिश के बाद कैदी की मौत

पंजाब के होशियारपुर जिले के सिविल अस्पताल में शनिवार को बड़ा हंगामा हो गया। मेडिकल करवाने लाए गए एक कैदी ने पुलिस कर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस कर्मी द्वारा गोली चलाई गई, जिसमें कैदी घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सीनियर कांस्टेबल जसदीप सिंह चार अन्य पुलिस कर्मियों के साथ कैदी नसीब सिंह को मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए थे। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद जब पुलिस टीम कैदी को ई-रिक्शा में बैठाकर वापस ले जाने लगी, तभी आरोपी ने अचानक पुलिस कर्मी पर हमला कर दिया।

पुलिस कर्मी के चेहरे पर आए गंभीर घाव
बताया जा रहा है कि कैदी नसीब सिंह ने चाकू से पुलिस कर्मी जसदीप सिंह पर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में जसदीप सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

हथियार छीनने की कोशिश के बाद चली गोली
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले के दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मी से हथियार छीनने की कोशिश भी की। पहले पुलिस कर्मी ने हवाई फायर कर आरोपी को डराने और सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी लगातार हथियार छीनने की कोशिश करता रहा।
खींचातानी के दौरान आरोपी और पुलिस कर्मी सड़क पर गिर गए। इसके बाद पुलिस कर्मी ने आरोपी को काबू करने के लिए गोली चलाई। गोली लगने से नसीब सिंह घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मर्डर और NDPS समेत 7 मामले थे दर्ज
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नसीब सिंह नशा तस्करी के मामले में होशियारपुर जेल में बंद था। वह जिले के कोटला गौंसपुर गांव का रहने वाला था। आरोपी के खिलाफ मर्डर और NDPS एक्ट समेत कुल 7 मामले दर्ज थे। उसका पिता शशि भी NDPS मामले में जेल में बंद है।अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय आरोपी अकेला था और पुलिस लगातार उसे काबू करने व सरेंडर करवाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन हालात बिगड़ने पर जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 234681

Share this Post