Sun, 17 May 2026

जालंधर के बेटे कुलविंदर सिंह जोहल बने लीसेस्टर के नए मेयर, इंग्लैंड में बढ़ाया मान

इंग्लैंड के लीसेस्टर शहर में पंजाब से जुड़े परिवार के कुलविंदर सिंह जोहल ने इतिहास रच दिया है। वह लीसेस्टर शहर के पहले गुरसिख मेयर बन गए हैं। उन्होंने हाल ही में मेयर पद का कार्यभार संभाला। लेस्टर टाउन हॉल में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान उन्हें आधिकारिक तौर पर मेयर की कमान सौंपी गई।

लेबर पार्टी के सदस्य और पार्षद कुलविंदर सिंह जोहल वर्ष 2015 से ब्राउनस्टोन पार्क और रॉली फील्ड्स वार्ड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। परिषद की बैठक में उन्हें शहर का पहला नागरिक चुना गया।

फिल्लौर के गांव से इंग्लैंड तक का सफर
कुलविंदर सिंह जोहल ने बताया कि उनका परिवार भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान पाकिस्तान से भारत आया था। इसके बाद उनका परिवार जालंधर के फिल्लौर के पास स्थित तेइंग गांव में बस गया। उनका जन्म भी वहीं हुआ और उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती 6 साल गांव में बिताए। बाद में उनका परिवार इंग्लैंड चला गया, जहां उन्होंने पढ़ाई पूरी की और अपना करियर शुरू किया।

पत्नी और बच्चे निभाएंगे सहयोगी की भूमिका
समारोह के दौरान नए मेयर कुलविंदर सिंह जोहल ने घोषणा की कि वह अपने कार्यकाल में दो चैरिटी संस्थाओं का समर्थन करेंगे। उनके कार्यकाल के दौरान उनकी पत्नी मनजीत कौर जोहल महिला मेयर की भूमिका निभाएंगी। वहीं उनकी बेटी गुरसिमरन कौर और बेटे अश्विर सिंह सहयोगी के रूप में साथ रहेंगे।

जालंधर की प्रीत कौर गिल भी ब्रिटेन सरकार में मंत्री
इसी बीच जालंधर से जुड़ी एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जालंधर जिले के जमशेर गांव से संबंध रखने वाली प्रीत कौर गिल को ब्रिटेन में हेल्थ डिपार्टमेंट में जूनियर मिनिस्टर नियुक्त किया गया है। प्रीत कौर गिल के पिता दलजीत सिंह शेरगिल वर्ष 1962 में ब्रिटेन गए थे। प्रीत कौर गिल का जन्म 1972 में बर्मिंघम में हुआ था और वह लंबे समय से ब्रिटेन की राजनीति में सक्रिय हैं।


10

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 160905