Wed, 22 Jul 2026

जालंधर BSF हेडक्वार्टर IED ब्लास्ट मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक 17 आरोपी पकड़े गए

जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के सामने 5 मई की रात हुए IED ब्लास्ट मामले में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसियों ने केस के मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिया गया आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। इस मामले में अब तक करीब 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पाकिस्तान डॉन और ISI से जुड़े तार
जांच में सामने आया है कि ब्लास्ट के पीछे पाकिस्तान में बैठे डॉन शहजाद भट्टी का हाथ हो सकता है। सूत्रों के अनुसार इस साजिश के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हुए हैं। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव भी पहले ही इस हमले में पाकिस्तान की भूमिका की आशंका जता चुके हैं। बताया जा रहा है कि ISI के इशारे पर पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची गई थी।

कई जिलों में चला सर्च ऑपरेशन
ब्लास्ट मामले की जांच को लेकर पंजाब पुलिस ने बड़े स्तर पर ऑपरेशन शुरू किया हुआ है। बुधवार देर रात तक जालंधर पुलिस की कई टीमों ने नकोदर, कपूरथला, नवांशहर, अमृतसर, तरनतारन और होशियारपुर में सर्च ऑपरेशन चलाए। इस दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ भी की। जांच एजेंसियां सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए आरोपियों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े युवक
सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए ज्यादातर युवक सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। पुलिस ने आधी रात तक इनसे गहन पूछताछ की। जांच एजेंसियों का मानना है कि अमृतसर और जालंधर में हुए ब्लास्ट ISI समर्थित खालिस्तानी नेटवर्क के जरिए करवाए गए थे। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि जांच टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं।


420

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 181550