Wed, 22 Jul 2026

करनाल में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर के बाहर चली गोली! पुलिस ने शुरू की जांच

हरियाणा के करनाल के गांव गोंदर स्थित रणजीत नगर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप कांग के फार्महाउस के बाहर कथित फायरिंग की खबर सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही निसिंग थाना पुलिस, STF और CIA की टीमें देर रात मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के मुताबिक मौके से गोली के दो खाली खोल भी बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि एक गोली लोहे के गेट पर लगी, जबकि दूसरी दीवार से टकराई। घटनास्थल पर गोली लगने के निशान मिलने की भी चर्चा है।

पुलिस ने अभी नहीं की आधिकारिक पुष्टि
हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। निसिंग थाना के SHO कृष्ण कुमार का कहना है कि पुलिस टीमें मामले की जांच कर रही हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। वहीं गांव गोंदर के सरपंच जोगा सिंह ने इस घटना को महज अफवाह बताया है। दूसरी ओर गुरप्रताप कांग के परिवार की तरफ से भी पुलिस को अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

गोंदर-डाचर रोड स्थित फार्महाउस पर पहुंची पुलिस
मंगलवार रात पुलिस को गोंदर-डाचर रोड स्थित गुरप्रताप सिंह कांग के फार्महाउस पर फायरिंग होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक पूरे इलाके की जांच की। इस दौरान पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ भी की।

सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान दो खाली खोल मिले हैं, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के ठोस सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


205

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 181563