Wed, 22 Jul 2026

नूरपुर बेदी में दिनदहाड़े फायरिंग, सीने में 3 गोलियां लगने से युवक की मौत

पंजाब के जिला रोपड़ के नूरपुर बेदी इलाके में स्थित एक शॉपिंग मॉल में सोमवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के सीने में तीन गोलियां मारी गईं। गोली लगने के बाद युवक जान बचाने के लिए मॉल से बाहर की ओर भागा, लेकिन दरवाजे तक पहुंचते ही जमीन पर गिर पड़ा। मृतक की पहचान शाहपुर बेला निवासी हरमोल सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

आरोपी ने खुद ली हमले की जिम्मेदारी
वारदात के बाद शाहपुर निवासी हरजोत सिंह सिद्धू नामक व्यक्ति ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। आरोपी ने दावा किया कि उसने यह हमला आत्मरक्षा और लंबे समय से हो रही मानसिक प्रताड़ना के कारण किया। जमानत पर बाहर आने के बाद हरमोल सिंह लगातार उसे धमका रहा था। उसने आरोप लगाया कि हरमोल अक्सर उसके सामने गाड़ी रोककर पिस्तौल दिखाता था और केस वापस लेने का दबाव बनाता था।

नूरपुर में दोनों का हुआ आमना-सामना
आरोपी का कहना है कि सोमवार को नूरपुर में दोनों का आमना-सामना हुआ। उस समय हरमोल सिंह अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद था। हरजोत ने दावा किया कि वहां भी उसे डराने और अपमानित करने की कोशिश की गई, जिसके बाद उसने आत्मरक्षा में गोलियां चला दीं।

उसने यह भी कहा कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल नहीं है और उसने अकेले ही पूरी घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने कहा कि उसने यह कदम डर और दबाव से छुटकारा पाने के लिए उठाया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नूरपुरबेदी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।


256

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 181604