Sun, 06 Sep 2026
Post Details

संजीव अरोड़ा पर ED रेड के बाद राघव चड्ढा का AAP पर बड़ा हमला

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर BJP नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब को “रंगला पंजाब” बनाने का सपना दिखाने वाली आम आदमी पार्टी ने राज्य के खजाने को लूटकर उसे “कंगला” बना दिया है।

21 लाख रुपए कैश फेंकने की खबरें चौंकाने वाली
राघव चड्ढा ने दावा किया कि ED की छापेमारी के दौरान बालकनी से बैग में भरकर 21 लाख रुपए नकद फेंके जाने और करीब 100 करोड़ रुपए की कथित राउंड-ट्रिपिंग की खबरें सामने आई हैं। यदि ये आरोप सही हैं तो यह पंजाब की जनता के साथ बड़ा विश्वासघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत तीनों के साथ धोखा किया है।

7 सांसदों ने पार्टी छोड़ते समय लगाए थे आरोप
राघव चड्ढा ने कहा कि AAP छोड़ने वाले सात सांसद पहले ही पार्टी में भ्रष्टाचार और समझौता करने वाली राजनीति के आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि जब भी पार्टी के भीतर इन मुद्दों को उठाने की कोशिश की गई, तब आवाज दबाने का प्रयास किया गया। अब एजेंसियों की कार्रवाई के बाद जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे बेहद गंभीर और चौंकाने वाले हैं।

जनता करेगी असली कार्रवाई
उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी, लेकिन असली फैसला पंजाब की जनता अगले विधानसभा चुनाव में करेगी। उनके मुताबिक जनता भ्रष्टाचार के मुद्दे पर AAP को जवाब देगी। हालांकि आम आदमी पार्टी की ओर से राघव चड्ढा के आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216314

Share this Post