Sun, 06 Sep 2026
Post Details

BREAKING : जालंधर APJ के बाद BSF स्कूल में बच्चों को हुई छुट्टी, 5 से 6 स्कूलों को मिली धमकी

जालंधर में वीरवार सुबह स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सबसे पहले APJ स्कूल को थ्रेट मेल मिलने की सूचना सामने आई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बच्चों की छुट्टी कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही एडीसीपी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। एडीसीपी ने बताया कि आज सुबह शहर के करीब 5 से 6 स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकियां मिली हैं। पुलिस सभी मेल्स की जांच कर रही है और सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

APJ के बाद BSF स्कूल भी कराया गया खाली
APJ स्कूल के बाद BSF स्कूल को भी खाली करवाया जाने लगा। हालांकि स्कूल प्रबंधन का कहना है कि उन्हें किसी तरह की सीधी थ्रेट नहीं मिली है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया। प्रिंसिपल रंजना डोगरा ने बताया कि उन्हें मैनेजमेंट की तरफ से फोन कर बच्चों को एक घंटा पहले छुट्टी करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बाद अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को लेने के लिए बुलाया गया। उन्हें किसी धमकी भरे मेल की जानकारी नहीं दी गई और उन्होंने केवल मैनेजमेंट के निर्देशों का पालन किया है। कल स्कूल को लेकर क्या फैसला होगा, इसकी जानकारी भी पेरेंट्स को स्कूल ग्रुपों के जरिए दे दी जाएगी।

BSF हेडक्वार्टर के पास स्थित है स्कूल
गौरतलब है कि यह स्कूल उसी BSF हेडक्वार्टर परिसर के पास संचालित होता है, जिसके बाहर मंगलवार रात एक्टिवा में ब्लास्ट की घटना हुई थी। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। फिलहाल BSF स्कूल को खाली करवाने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216314

Share this Post