Wed, 22 Jul 2026

लुटेरों ने दिनदहाड़े ATM वैन को बनाया निशाना, गन पॉइंट पर 20 लाख रुपए लेकर फरार

गाजियाबाद में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे बेखौफ बदमाशों ने जिला मुख्यालय से महज 7 किलोमीटर दूर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में 20 लाख रुपये से भरी एक ATM कैश वैन को लूट लिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने न केवल फायरिंग की, बल्कि ड्राइवर को बंधक बनाकर गाड़ी पर कब्जा कर लिया।

ड्राइवर को बंधक बनाया और फायरिंग की
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने हथियारों के बल पर कैश वैन को रोका और ड्राइवर को डरा-धमकाकर उसे बंधक बना लिया। दहशत पैदा करने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद वे ड्राइवर को रास्ते में ही उतारकर वैन सहित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के रास्ते हापुड़ की ओर फरार हो गए।

8 किलोमीटर दूर लावारिस हालत में मिली वैन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत जिले के बॉर्डर और एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी शुरू की। तलाशी के दौरान घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर कैश वैन लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस ने जब वैन की जांच की, तो उसमें रखा सारा कैश गायब था।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की जांच
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वैन से सटीक कितनी राशि लूटी गई है, इसका विवरण बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर जुटाया जा रहा है। पर शुरूआती जानकारी के अनुसार लूट की रकम 20 लाख के आसपास बताई जा रही है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल और एक्सप्रेस-वे के प्रवेश व निकास द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


215

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 181612