Wed, 22 Jul 2026

पंजाब में मां मासूम बच्चों के साथ नदी में लगाई छलांग, दोनों बच्चों की मौत

पंजाब के कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गांव अदालत चक निवासी एक महिला ने मानसिक तनाव के कारण अपने दो मासूम बच्चों के साथ पवित्र काली बेईं में छलांग लगा दी। इस घटना में महिला की जान तो बच गई, लेकिन उसके दोनों बेटों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

स्कूल से लेकर सीधे नहर पहुँची माँ
अदालत चक निवासी भरपूर सिंह की पत्नी सिमरन कौर पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी। बताया जा रहा है कि वह अपने एक बच्चे को स्कूल से लेकर लौटी थी और उसके बाद वह सीधे काली बेईं की ओर निकल गई। उसके साथ उसका छह साल का बेटा वीर प्रताप सिंह और तीन साल का छोटा बेटा गुर प्रताप सिंह मौजूद थे।

राहगीरों ने महिला को बचाया, बच्चों ने तोड़ा दम
जब सिमरन कौर ने बच्चों के साथ नहर में छलांग लगाई, तो वहां मौजूद राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। लोगों ने तुरंत बहादुरी दिखाते हुए महिला को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण दोनों मासूम बच्चे गहरे पानी में समा गए। तमाम कोशिशों के बावजूद बच्चों को जीवित नहीं बचाया जा सका।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ASI बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अब आरोपी मां सिमरन कौर से गहन पूछताछ कर रही है। शुरूआती जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आई है।


195

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 181613