Fri, 31 Jul 2026
G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।

अमृतसर वेयरहाउस DM सुसाइड: सामने आया आखिरी सीसीटीवी फुटेज, पत्नी बोलीं- गिरफ्तारी तक नहीं होगा पोस्टमार्टम

अमृतसर के वेयरहाउस डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा की मौत के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। घटना वाले दिन यानी 21 मार्च की सुबह का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। इस वीडियो में रंधावा सुबह करीब 6 बजे अपने घर के आंगन में सामान्य रूप से टहलते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में वह कुछ खाते हुए भी नजर आ रहे हैं, जिसे उनके द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदम से जोड़कर देखा जा रहा है।

पोस्टमार्टम पर रोक और गिरफ्तारी की मांग
गगनदीप रंधावा की मौत को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन परिजनों ने अब तक उनका पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया है। रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर और अन्य परिजन अपनी मांग पर अडिग हैं। उनका कहना है कि जब तक पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और उनके पिता की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे।

परिवार ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे की समयसीमा देते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपी सलाखों के पीछे नहीं पहुंचे, तो वे अपने बच्चों के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

सुसाइड नोट और वीडियो में पूर्व मंत्री का नाम
गौरतलब है कि गगनदीप सिंह रंधावा ने 21 मार्च की सुबह सल्फास खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। मरने से ठीक पहले उन्होंने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसे उन्होंने अपने करीबी दोस्तों को साझा किया। इस वीडियो में रंधावा ने सीधे तौर पर पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का नाम लेते हुए कहा था कि वह मंत्री के डर और प्रताड़ना के कारण यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 189164