Mon, 15 Jun 2026

पंजाब में फिर स्कूल बने निशाना, मोगा के तीन सरकारी स्कूलों को धमकी से दहशत

पंजाब में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मोगा जिले से सामने आया है, जहां तीन सरकारी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।

तीन स्कूलों को मिला धमकी भरा ई-मेल
मिली जानकारी के अनुसार मोगा जिले के गोथेआला सरकारी स्कूल, उगो के सरकारी स्कूल और झंडियाना सरकारी स्कूल को धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल में स्कूलों को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को इस बारे में सूचित किया।

बच्चों के चल रहे थे पेपर, तुरंत किया गया रद्द
स्कूल प्रिंसिपल राजेश कुमार गर्ग ने बताया कि स्कूलों में उस समय बच्चों के एग्जाम चल रहे थे। धमकी मिलने के बाद एहतियात के तौर पर परीक्षाएं तुरंत रद्द कर दी गईं और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी न मचे।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बम डिस्पोजल टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने स्कूल परिसर की जांच शुरू कर दी है। वहीं जो छात्र स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें भी एहतियात के तौर पर घर भेज दिया गया।

कंप्यूटर चेक करते समय सामने आया ई-मेल
स्कूल के शिक्षक तेजवंत सिंह संधू ने बताया कि वह रोज की तरह स्कूल पहुंचे थे और कंप्यूटर सिस्टम का रूटीन चेक कर रहे थे। इसी दौरान स्कूल की ई-मेल आईडी पर बम की धमकी वाला संदेश दिखाई दिया। स्थिति को देखते हुए बिना किसी हंगामे के बच्चों को घर भेज दिया गया।


240

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 166812