बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह की मुश्किलें 'टटीरी' गाने के विवाद के चलते काफी बढ़ गई हैं। हरियाणा महिला आयोग ने शुक्रवार को बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए हैं। दरअसल, आयोग ने सिंगर को शुक्रवार को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुए।
उनकी जगह पहुंचे वकीलों ने दलील दी कि बादशाह अपने कुछ पुराने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स (काम की प्रतिबद्धताओं) के कारण व्यस्त हैं और पेश नहीं हो सके। वकीलों ने आयोग से अगली तारीख देने की मांग की, जिसे आयोग ने ठुकराते हुए सख्त रुख अपनाया है।
गाने के बोल पर मचा है बड़ा बवाल
विवाद की जड़ बादशाह का हालिया गाना 'टटीरी' है, जिसके बोलों को लेकर महिला आयोग ने कड़ी आपत्ति जताई है। आयोग का मानना है कि गाने के शब्द महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले और आपत्तिजनक हैं। इस मामले में पहले भी बादशाह को नोटिस जारी किया गया था। आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मनोरंजन के नाम पर महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बादशाह के वकीलों की दलीलों से असंतुष्ट होकर आयोग ने अब सीधे गिरफ्तारी का रास्ता चुना है।
अब क्या होगा बादशाह का अगला कदम
गिरफ्तारी के आदेश जारी होने के बाद अब बादशाह की लीगल टीम सक्रिय हो गई है। यह आदेश पुलिस प्रशासन को भेज दिया गया है, जिसके बाद सिंगर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। जानकारों का मानना है कि बादशाह अब गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं या अग्रिम जमानत की याचिका दायर कर सकते हैं।



Comments
No comments yet.