Tue, 04 Aug 2026
Post Details

बोलिविया में पैसों से भरा प्लेन क्रैश : हादसे में 15 की मौत, सड़कों पर नोट उठाते दिखे लोग

बोलिवियाई वायुसेना का एक हरक्यूलिस विमान एल आल्टो शहर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह विमान देश के सेंट्रल बैंक के नए नोटों की खेप लेकर जा रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और नोटों के बंडल सड़क पर बिखर गए।

रनवे से फिसलकर सड़क पर गिरा विमान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण लैंडिंग के वक्त विमान अनियंत्रित हो गया और रनवे से फिसलकर पास की एक सड़क पर जा गिरा। विमान की चपेट में आने से सड़क पर खड़ी करीब 10 से 15 गाड़ियां पूरी तरह चकनाचूर हो गई हैं। घटनास्थल पर विमान का मलबा, क्षतिग्रस्त कारें और शव बिखरे हुए नजर आए। फिलहाल सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

नोट लूटने की मची होड़, रेस्क्यू जारी
हादसे के तुरंत बाद एक अजीब नजारा देखने को मिला। विमान में रखे सेंट्रल बैंक के नए नोट सड़क पर बिखरते ही वहां मौजूद लोगों में उन्हें उठाने की होड़ मच गई। प्रशासन को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत और बचाव दल मौके पर तैनात हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वायुसेना ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 191670