Mon, 16 Mar 2026
G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it

Year Ender 2025 : जानें इस साल देश में क्या-क्या हुआ, 66 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी, एयर इंडिया प्लेन क्रैश, भारत का ऑपरेशन सिंदूर

2025 ने देश को कई गहरे जख्म दिए। शुरुआत महाकुंभ भगदड़ से हुई। अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमला और जून में अहमदाबाद प्लेन क्रैश हुआ। इसी बीच कुछ खुशी के पल भी आए। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती, शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे और महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीता।

महाकुंभ में 66 करोड़ ने डुबकी लगाई
साल की शुरुआत महाकुंभ से हुई। 45 दिन के आयोजन में 66 करोड़ लोगों के डुबकी लगाने का दावा किया गया। हालांकि मौनी अमावस्या स्नान पर 28-29 जनवरी को कुंभ क्षेत्र में भगदड़ मची। प्रशासन ने 30 लोगों की मौत की पुष्टि की, लेकिन असली आंकड़ा इससे ज्यादा हो सकता है।

दिल्ली में 27 साल बाद BJP की वापसी
दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 सालों के बाद BJP की सरकार बनी। पिछले चुनाव में 70 में से 62 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई। BJP को 48, तो कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। जीत के बाद पीएम मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता सीएम बनीं।

हिंसा शुरू होने के 21 महीने बाद मणिपुर CM का इस्तीफा
मई 2023 में मणिपुर हिंसा शुरू होने के 21 महीने बाद सीएम एन. बीरेन सिंह ने इस्तीफा दिया। इसके बाद से प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू है। हिंसा में अब तक करीब 260 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं 70 हजार से ज्यादा को अपना घर छोड़कर जाना पड़ा। अब केंद्र सरकार और कुकी संगठनों ने शांति के लिए समझौता कर लिया है, जिसके बाद पीएम मोदी ने भी पहली बार राज्य का दौरा किया।

दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ में 18 की मौत
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रात करीब 09:30 बजे भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की जान गई। कुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं और ट्रेनें लेट होने की वजह से प्लेटफॉर्म पर आम दिनों से ज्यादा भीड़ थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदलने से भगदड़ मची। अगस्त में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि एक आदमी के सर से भारी बैग दूसरों पर गिर गया, जिसके बाद भगदड़ मची।

12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीता भारत
भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। कप्तान रोहित शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच रहे। इस टूर्नामेंट का होस्ट वैसे तो पकिस्तान था, लेकिन भारत के वहां जाने से मना करने के बाद इंडियन टीम के सभी मैच UAE में हुए। भारत टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा। यह बतौर कोच गौतम गंभीर की ICC इवेंट में पहली सफलता थी।

हाईकोर्ट जज के घर मिला करोड़ों का कैश
दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा जब छुट्टी पर गए, तो उनके सरकारी घर में आग लग गई। फायर ब्रिगेड को आग बुझाते समय घर से 500 रुपए के अधजले नोटों का ढेर मिला। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उनका इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर कर दिया। इंटरनल जांच में भी वे दोषी पाए गए। इसके बाद संसद के मानसून सत्र में जस्टिस वर्मा के खिलाफ सांसदों ने महाभियोग प्रस्ताव दिया।

मुस्कान ने नीले ड्रम में छिपाई पति की लाश
लंदन में जॉब करने वाले पति सौरभ की मुस्कान ने बॉयफ्रेंड साहिल के साथ मिलकर हत्या कर दी। उसकी लाश को 4 हिस्सों में काट कर नीले ड्रम में डालकर सीमेंट भर दिया। इसके बाद दोनों शिमला घूमने चले गए। वापस आने पर मुस्कान ने अपनी मां को सौरभ के मर्डर के बारे में बताया। परिवार ने मुस्कान को पुलिस के हवाले कर दिया। अभी मुस्कान और साहिल दोनों जेल में है। मुस्कान ने नवंबर में ही बेटी को जन्म दिया है।

पहलगाम हमले में 26 की मौत
बायसरन घाटी में 4 आतंकवादियों ने गोलीबारी कर 26 पर्यटकों की हत्या कर दी। इसमें से एक मृतक नेवी में लेफ्टिनेंट विनय नरवाल थे, जिनकी 7 दिन पहले ही शादी हुई थी। आतंकियों ने पत्नी के सामने ही उन्हें गोली मार दी। NIA के मुताबिक हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई। जुलाई में भारत ने ऑपरेशन महादेव चलाकर चारों आतंकियों को मार गिराया।

ऑपरेशन सिंदूर में 9 आतंकी ठिकाने तबाह
पहलगाम हमले के जवाब में 7 मई की रात भारत ने 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए। इनमें से 5 PoK और 4 पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में थे। इनमें जैश-ए-मोहम्मद का हेडक्वार्टर- मरकज सुभानल्लाह और लश्कर-ए-तैयबा का हेडक्वार्टर- मरकज तयब्बा भी शामिल है। अगले दिन पाकिस्तान ने भी भारत पर हवाई हमले किए और राफेल जेट गिराने का दावा किया। 10 मई को दोनों के बीच सीजफायर हो गया।

RCB ने पहली बार जीता IPL
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL फाइनल 6 रन से जीतकर, 18 साल में पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की। जैसे ही जीत की घड़ी करीब आई, फील्डिंग कर रहे विराट कोहली रोने लगे। उन्होंने 35 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली थी। जीत के अगले दिन बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई।

अहमदाबाद क्रैश में 241 की मौत
एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट टेक ऑफ के 32 सेकेंड बाद ही क्रैश हो गई। इसमें सवार 242 पैसेंजर और क्रू में से 241 की मौत हो गई। प्लेन सिविल अस्पताल के हॉस्टल से जा टकराया। क्रैश होने वाला विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था, जिसे गड़बड़ी के चलते पहले भी ग्राउंडेड किया जा चुका है। शुरुआती जांच में क्रैश की वजह प्लेन के दोनों फ्यूल इंजन बंद होना बताई गई।

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे शुभांशु शुक्ला
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला चार एस्ट्रोनॉट के साथ 14 दिन के लिए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पहुंचे। उनका एक्सियम-4 एक प्राइवेट स्पेस फ्लाइट मिशन था, जो अमेरिकी कंपनी एक्सियम, NASA और स्पेसएक्स की साझेदारी से हुआ। इस दौरान स्पेस में 60 से ज्यादा एक्सपेरिमेंट किए गए। स्पेसक्राफ्ट में शुभांशु की सीट बुक करने और ट्रेनिंग में भारत ने करीब 548 करोड़ रुपए खर्च किए।

दिव्या देशमुख पहली भारतीय चेस चैंपियन
19 साल की दिव्या देशमुख चेस का FIDE महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उन्होंने फाइनल में भारत की ही कोनेरू हम्पी को टाईब्रेक राउंड में हराया। इसके लिए उन्हें 42 लाख रुपए मिले। इससे पहले दिव्या ने वर्ल्ड टीम रैपिड और ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप में दुनिया की नंबर-1 चेस प्लेयर हौ यिफान को भी हराया था। इस साल अर्जुन अवॉर्ड के लिए उन्हें नॉमिनेट किया गया है।

34 सेकेंड में तबाह हुआ धराली
उत्तराखंड में इस बार तेज बारिश से खासा नुकसान हुआ। बादल फटने से सिर्फ 34 सेकेंड में धराली गांव तबाह हो गया। लोगों के घर बह गए। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 43 लोग लापता हैं। सिर्फ एक शव मिल पाया। इसके 18 दिन बाद चमोली में भी बादल फटा, जिसमें 70 से 80 घरों में 2 फीट तक मलबा घुस गया।

3 साल बाद भारत में दिखा ब्लड मून
साल का आखिरी चंद्रग्रहण पूरे देश में देखा गया। यह एक ब्लडमून था। दरअसल, चंद्रग्रहण के दौरान पृथ्वी सूर्य और चांद के बीच आ जाती है। पृथ्वी का वातावरण सूर्य की नीली किरणें रोक देता है और लाल तरंगें चंद्रमा तक पहुंचती हैं, जिससे चांद लाल-नारंगी दिखाई देता है। एशिया के दूसरे देशों, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में भी चंद्रग्रहण दिखा था। इससे पहले 2022 में भारत में ब्लडमून देखा गया था।

विजय की रैली में भगदड़ से 40 की मौत
एक्टर और TVK पार्टी के नेता विजय, करूर में चुनावी रैली के लिए पहुंचे थे। प्रशासन को रैली का समय दोपहर 3 बजे का बताया गया था, लेकिन पार्टी ने सोशल मीडिया पर 12 बजे का समय बता दिया। 10 बजे से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। उस पर विजय भी शाम 7:40 बजे आए। अनुमान से लगभग तीन गुना भीड़ के बीच में विजय अपनी बड़ी बस लेकर आए, जिसे निकालने के चक्कर में भगदड़ मच गई। इसमें 40 लोगों की मौत हो गई।

एशिया कप जीता भारत पर ट्रॉफी नहीं मिली
एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत ने 9वीं बार ट्रॉफी जीती। पहलगाम आतंकी हमले की वजह से भारत ने जीतने के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल के चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया क्योंकि वे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भी चीफ हैं। इसके बाद भारत को किसी और के हाथों ट्रॉफी देने के बजाय नकवी ट्रॉफी लेकर स्टेडियम से चले गए। खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी ही सेलिब्रेशन किया। भारत को अब तक ट्रॉफी नहीं मिल पाई है।

महिला टीम ने पहली बार जीता वनडे वर्ल्ड कप
भारतीय महिला टीम ने 47 साल के लंबे इंतजार के बाद विमेंस वर्ल्ड कप जीत लिया। फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से शिकस्त दी। एक समय पर लगातार तीन मैच हारने के बाद भारत टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर था। वहीं सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विमेंस वनडे के इतिहास का सबसे बड़ा टारगेट (339 रन) चेज कर फाइनल में एंट्री ली थी।

राजधानी में फिदायीन हमला, 15 की मौत
लाल किला मेट्रो स्टेशन की पार्किंग के पास शाम 6:52 बजे एक कार में ब्लास्ट हुआ। इसमें 15 लोगों की मौत हुई। सुसाइड हमला करने वाला फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी का प्रोफेसर डॉ. उमर था। हमले वाले दिन सुबह फरीदाबाद से 360 किलो विस्फोटक मिले थे। जांच एजेंसियों ने इस हमले से जुड़े जिन लोगों को पकड़ा उसमें कई डॉक्टर्स शामिल थे। इनके समर्थकों की तलाश अभी भी जारी है।

बिहार में 10वीं बार नीतीश, मोदी ने लहराया जीत का गमछा
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA ने फिर एक बार जीत दर्ज की। 89 सीटों के साथ BJP सबसे बड़ी पार्टी बनी। JDU को 85 तो चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी को 19 सीटें मिलीं। इस जीत के बाद नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के सीएम बने। मोदी ने उनके शपथ ग्रहण में गमछा लहराकर जीत का जश्न मनाया। RJD के खाते में 25 तो कांग्रेस के पास सिर्फ 6 सीटें गईं।

धर्म ध्वजा के साथ राम मंदिर पूरा
राम मंदिर उद्धाटन के 673 दिनों बाद शिखर पर धर्म ध्वजा लहराई गई। इसी के साथ मंदिर निर्माण पूरा हुआ। इस दौरान RSS प्रमुख मोहन भागवत भी साथ थे। केसरिया रंग की ध्वजा पर सूर्य, ॐ और कोविदार वृक्ष बना हुआ है। इतिहासकारों के मुताबिक यह ध्वज अयोध्या के प्राचीन ध्वज के जैसी है। 200 मीटर ऊंचाई पर लगी इस ध्वजा को 4 किमी दूर से देखा जा सकता है।

प्रोटोकॉल तोड़ मोदी की कार में बैठे पुतिन
रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार भारत आए। उन्होंने प्रोटोकॉल तोड़ा और अपनी ऑरस सीनेट गाड़ी छोड़कर मोदी के साथ होटल गए। पुतिन की दो दिन की यात्रा के दौरान कोई अहम डिफेंस डील नहीं हो पाई। हालांकि रूस ने भारत को सस्ता तेल देते रहने का वादा किया तो भारत ने रूस को अपने स्किल्ड वर्कर्स देने का।

मेसी का इंडिया दौरा
अर्जेंटीना के फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी 3 दिन के भारत दौरे पर आए थे। यहां उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, एक्टर शाहरुख खान और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सहित कई हस्तियों से मुलाकात की। कोलकाता में उन्हें देखने आए फैंस की भारी भीड़ जुटी थी, लेकिन सिक्योरिटी टीम उन्हें सिर्फ 20 मिनट में ही बाहर निकाल ले गई। इस पर गुस्साई भीड़ ने साल्ट लेक स्टेडियम में तोड़फोड़ मचा दी।


66

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 146909