Tue, 16 Jun 2026

मौत का तांडव: नर्सिंग होम बना आग का गोला, 16 की दर्दनाक मौत

इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी प्रांत की राजधानी मनाडो में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्थित पांती वेर्धा दमई नर्सिंग होम में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। यह नर्सिंग होम मनाडो के रानोमूट उप-जिले के पाल डुआ क्षेत्र में स्थित है। स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 8:36 बजे आग भड़की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल की तीन गाड़ियां, एक घंटे में पाया गया काबू
आग की सूचना मिलते ही मनाडो सिटी प्रशासन हरकत में आ गया। तुरंत तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 9:30 बजे आग पर काबू पाया। आग इतनी तेज थी कि नर्सिंग होम का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया।

16 शव अस्पताल भेजे गए, पहचान की प्रक्रिया जारी
उत्तरी सुलावेसी क्षेत्रीय पुलिस के जनसंपर्क प्रमुख आलमस्याह पी. हसीबुआन ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शवों को भायंगकारा अस्पताल भेजा गया है। वहां मृतकों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद उनके परिजनों से संपर्क किया जाएगा।

घायलों का इलाज जारी, इलाके को किया गया सील
आग लगने के तुरंत बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में घायल और जीवित बचे लोगों को मनाडो सिटी रीजनल हॉस्पिटल और पर्माता बुंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

आग के कारणों का पता लगाया जा रहा
पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना शुरू कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है। फिलहाल आग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

हाल के दिनों में आग की दूसरी बड़ी घटना
गौरतलब है कि इसी महीने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भी एक आवासीय मकान में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया गया था।


690

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 167319