Mon, 16 Mar 2026
G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it

दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में बड़ा खतरा, उड़ान के 40 मिनट बाद फेल हुआ इंजन

दिल्ली से मुंबई जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को उस समय इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, जब आसमान में उड़ान के दौरान विमान का एक इंजन अचानक फेल हो गया। इस घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक टेक-ऑफ के करीब 40 मिनट बाद फ्लाइट के दाहिने इंजन ने काम करना बंद कर दिया, जिसके चलते पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला लिया।

प्लेन में सवार थे 335 यात्री
बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की यह फ्लाइट सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के करीब 42 मिनट बाद, यानी सुबह 6 बजकर 52 मिनट पर विमान को दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में कुल 335 यात्री सवार थे। हालांकि तकनीकी रूप से विमान एक इंजन के सहारे भी सुरक्षित लैंडिंग कर सकता है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने जोखिम न लेते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।

सभी यात्री सुरक्षित, टला बड़ा हादसा
पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है। लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया और एयरलाइन की ओर से उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

सिविल एविएशन मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मंत्रालय ने DGCA को भी इस तकनीकी खराबी की पूरी जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एयर इंडिया को आदेश दिए गए हैं कि प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता दी जाए और उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट्स में एडजस्ट किया जाए।


60

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 146925