Sat, 20 Jun 2026

CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव, Answer Sheet को लेकर लिया यह फ़ैसला

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है, जिसके तहत साइंस और सोशल साइंस विषयों के परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव किया गया है। बोर्ड द्वारा जारी विस्तृत नोटिस के अनुसार, अब स्टूडेंट्स को इन दोनों विषयों के पेपर हल करते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी क्योंकि अब उन्हें अलग-अलग सेक्शन में ही उत्तर देने होंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पैटर्न में किया गया यह बदलाव आगामी वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं से लागू होगा, जिसका उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक सटीक और सुव्यवस्थित बनाना है।

नए निर्देशों के मुताबिक, स्टूडेंट्स को उत्तर पुस्तिका (Answer Sheet) में साइंस विषय के लिए तीन अलग सेक्शन और सोशल साइंस के लिए चार अलग सेक्शन का पालन करते हुए उत्तर लिखने होंगे। सबसे अहम बात यह है कि प्रत्येक प्रश्न का उत्तर उसी सेक्शन के लिए निर्धारित स्थान पर लिखना अनिवार्य होगा।

बोर्ड ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि छात्र किसी एक सेक्शन के उत्तर को दूसरे सेक्शन में लिखते हैं या उत्तरों को आपस में मिक्स करते हैं, तो उन जवाबों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। यानी सही उत्तर होने के बावजूद, गलत सेक्शन में लिखे जाने पर छात्र को उस प्रश्न के लिए कोई अंक नहीं दिए जाएंगे।

बोर्ड का मानना है कि इस नई व्यवस्था से कॉपियों की चेकिंग यानी इवैल्यूएशन का काम ज्यादा बेहतर तरीके से हो सकेगा। अक्सर सेक्शन मिक्स होने की वजह से शिक्षकों को कॉपी चेक करने में परेशानी होती थी, जिसे अब इस नियम के जरिए दूर करने की कोशिश की गई है।

छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा की तैयारी करते समय इस नए पैटर्न को ध्यान में रखें और उसी अनुसार उत्तर लिखने का अभ्यास करें ताकि मुख्य परीक्षा में उनके अंक न कटें।


560

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 168182