Mon, 15 Jun 2026

अमृतसर–जालंधर के सफर में बना जिंदगी का चमत्कार, ट्रेन में जन्मी ‘राध्या’ ने सभी का दिल जीता

अमृतसर से जालंधर आ रही देहरादून एक्सप्रेस में बुधवार को एक महिला ने चलती ट्रेन में बच्ची को जन्म दिया। बिहार के किशनगंज की रहने वाली महिला अपने पति मुकेश के साथ सफर कर रही थी, तभी अचानक रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई।

पत्नी की तबीयत बिगड़ी, पति ने खुद करवाई डिलीवरी
महिला के पति मुकेश ने बताया कि वह अपने माता-पिता और पत्नी को बिहार छोड़ने के लिए हमीरा से अमृतसर गया था। अमृतसर स्टेशन पर उसकी पत्नी की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उसने माता-पिता को बिहार जाने वाली ट्रेन में चढ़ा दिया और खुद पत्नी के साथ जालंधर की ओर रवाना हो गया ताकि उसे अस्पताल पहुंचा सके।

लेकिन करतारपुर के पास उसकी पत्नी की हालत बहुत गंभीर होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख मुकेश ने ट्रेन में ही डिलीवरी करवाई। उसने बताया कि गांव में दादी से डिलीवरी से संबंधित काम सीखा था, जो आज काम आ गया। यह सामान्य प्रसव था।

ट्रेन के जालंधर पहुंचते ही पुलिस और मेडिकल टीम पहुंची
ट्रेन के जालंधर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पुलिस जवान और महिला पुलिस तुरंत प्लेटफॉर्म पर पहुंची। मौके पर एंबुलेंस बुलाकर महिला और नवजात को सिविल अस्पताल जालंधर ले जाया गया। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि दोनों की हालत स्थिर है।

दूसरा बच्चा, बेटी का नाम रखा राध्या
महिला पाटल देवी ने बताया कि यह उसका दूसरा बच्चा है। पहले बेटे का जन्म ऑपरेशन से हुआ था, जबकि इस बार सामान्य डिलीवरी हुई। उन्होंने बताया कि नवजात का नाम राध्या रखा गया है। पाटल देवी ने कहा कि वह चाहती हैं कि दोनों बच्चे आगे चलकर सेना में जाएं।

डिलीवरी में समय था, इसलिए गांव भेज रहे थे 
मुकेश ने बताया कि डॉक्टरों ने पहले कहा था कि डिलीवरी में अभी समय है। इसलिए उसने योजना बनाई थी कि माता-पिता और पत्नी को गांव भेज दे, ताकि वहां आराम से डिलीवरी हो सके। लेकिन अमृतसर में घूमते हुए अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि वह मंडी में काम करता है और उसका घर बिहार में है। माता-पिता को फोन पर बच्ची के जन्म की जानकारी दे दी गई है।


1080

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 166810