Sun, 03 May 2026
G2M देता है आप की कलम आपके हाथ Journalists are invited to Join us on Gateway2media.com G2M देता है आप की कलम आपके हाथ Journalists are invited to Join us on Gateway2media.com

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज लड़कियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षा पर जोर दिया

राज्यपाल ने लड़कियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षा पर जोर दिया | 

कहा, महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी योग्यता साबित की

एस.डी. कॉलेज फॉर वूमेन जालंधर के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया | 

जालंधर, 23 अक्तूबर (सोन्यू बाईं) :  पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज लड़कियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षा पर जोर दिया और कहा कि हम सभी को मिलकर ऐसा माहौल बनाना चाहिए जिससे सभी महिलाएं सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्रों में पूरी तरह से भाग ले सकें और योगदान दे सके।
यहां प्रेम चंद मारकंडा एस.डी. कॉलेज फॉर वूमेन, जालंधर के स्वर्ण जयंती समारोह में दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद राज्यपाल श्री कटारिया ने कहा कि लड़कियां समाज की नींव हैं, जिन्हें शिक्षित करने की जरूरत है और उनके सपनों को उड़ान देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियों में अपार संभावनाएं है और अगर उन्हें सही दिशा दी जाए तो वे किसी भी मुकाम तक पहुंच सकती है।
उन्होंने कहा कि हमारे देश का इतिहास महिलाओं के योगदान के उदाहरणों से भरा पड़ा है और आधुनिक भारत में भी महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति, सेना, पुलिस, खेल, कला सहित कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां महिलाओं को अपनी क्षमताओं पर भरोसा न हो।
श्री कटारिया ने कहा कि एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित समाज के लिए हम सभी को शिक्षा और समग्र विकास के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने में योगदान देना चाहिए।
राज्यपाल ने शिक्षण को एक पवित्र पेशा बताते हुए कहा कि शिक्षण सिर्फ एक पेशा नहीं बल्कि एक पवित्र कार्य है। उन्होंने कहा कि अच्छे समाज के निर्माण में शिक्षक का बहुत बड़ा योगदान होता है, इसलिए गुरु सदैव सर्वोच्च सम्मान के पात्र होते हैं। उन्होंने तकनीकी प्रगति और हमारी समृद्ध विरासत के संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए युवा पीढ़ी को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने संस्था द्वारा पिछले 50 वर्षों से लड़कियों की शिक्षा में दिए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में कॉलेज को और अधिक सफलताएं प्राप्त करने की शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान राज्यपाल ने स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर कॉलेज की सोविनार को रिलीज करने के साथ-साथ, स्वाबलंबी भारत के तहत युवा उद्यमियों को सम्मानित भी किया और छात्राओं द्वारा लगाये गए स्टॉल भी देखे।
इससे पहले कॉलेज की गवर्निंग बॉडी ने  गुलाब चंद कटारिया को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान डा. हिमांशु अग्रवाल, एस.डी.एम. रणदीप सिंह, कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेश बुधिया, उपाध्यक्ष विनोद कुमार दादा, सचिव नरेश मारकंडा और अन्य पदाधिकारी, स्वदेशी जागरण मंच से सतीश कुमार, प्रिं. डा.पूजा पराशर, संस्था के शिक्षक एवं विद्यार्थी भी उपस्थित थे।


95

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 156006