*ਰਾਸ਼ਟਰੀ ਸੰਵਿਧਾਨ ਦਿਵਸ 'ਤੇ ਸਤਪਾਲ ਗਿੱਲ ਵੱਲੋਂ ਵਿਸ਼ਾਲ ਬਾਈਕ ਰੈਲੀ*
होशियारपुर जिले के दसूहा में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी स्टाइल में मुठभेड़ हो गई। बलगड़ां चौक पर हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके के लोग दहशत में आ गए। मुठभेड़ के दौरान जहां एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, वहीं गोली लगने से एक आम नागरिक घायल हो गया। भागने के चक्कर में आरोपियों ने सड़क पर खड़ी 6 गाड़ियों को भी जोरदार टक्कर मार दी।
200 मीटर के दायरे में चलीं 6 गोलियां, राहगीर घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के समय एक सफेद रंग की कार का पुलिस की गाड़ी पीछा कर रही थी। बलगड़ां चौक के पास भीड़ अधिक होने के कारण आरोपियों की कार फंस गई। बच निकलने की हड़बड़ाहट में आरोपियों ने वहां मौजूद 6 कारों को टक्कर मार दी। चौक से करीब 200 मीटर आगे जाकर पुलिस ने उनकी कार को घेर लिया। इस दौरान महज 200 मीटर के दायरे में एक के बाद एक 6 राउंड फायर हुए। गोलीबारी की चपेट में आने से मोहम्मद रफी नामक एक स्थानीय नागरिक की बाजू में गोली लग गई, जिसे तुरंत दसूहा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला समेत तीन आरोपी फरार, एक को पुलिस ने दबोचा
पुलिस की घेराबंदी देख कार में सवार लोग गाड़ी से उतरकर भागने लगे। बताया जा रहा है कि कार से निकलकर तीन लोग मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान या मामले से जुड़े अन्य गोपनीय तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया है।
गढ़दीवाल फायरिंग केस से जुड़े हैं तार
दसूहा थाना पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बीती 15 तारीख को होशियारपुर के गढ़दीवाल में फायरिंग की एक वारदात हुई थी। इस मामले में सीआईए (CIA) स्टाफ, गढ़दीवाल और होशियारपुर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल आरोपी दसूहा इलाके में घूम रहे हैं। जब पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में यह एनकाउंटर हुआ। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


Comments
No comments yet.