ਸਤਪਾਲ ਗਿੱਲ ਸੱਚਖੰਡ ਡੇਰਾ ਬੱਲਾਂ ਵਿਖੇ ਨਤਮਸਤਕ - ਸੰਤ ਨਿਰੰਜਨ ਦਾਸ ਜੀ ਦਾ ਲਿਆ ਆਸ਼ੀਰਵਾਦ*
जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीनों स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर मध्य प्रदेश के रतलाम से पंजाब के लुधियाना जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से जा टकराई।
ट्रक के नीचे घुसी कार, मौके पर तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह परिवार जब रोहतक के घिलौड़ गांव के पास पहुंचा तो उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा सीधे ट्रक के नीचे जा घुसा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्ची के जन्मदिन पर अखंड पाठ में होना था शामिल
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार मध्य प्रदेश के रतलाम स्थित इंद्रानगर का रहने वाला था। तीनों पंजाब के लुधियाना जिले के बिन्झल गांव जा रहे थे। वहां एक बच्ची के जन्मदिन के मौके पर आयोजित अखंड पाठ में उन्हें शामिल होना था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाए
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।


Comments
No comments yet.