ਸਤਪਾਲ ਗਿੱਲ ਸੱਚਖੰਡ ਡੇਰਾ ਬੱਲਾਂ ਵਿਖੇ ਨਤਮਸਤਕ - ਸੰਤ ਨਿਰੰਜਨ ਦਾਸ ਜੀ ਦਾ ਲਿਆ ਆਸ਼ੀਰਵਾਦ*
पंजाब से राज्यसभा के मनोनीत सांसद और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम संधू की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया है। एजेंसी ने उन्हें 25 नवंबर को जालंधर स्थित ED कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ED की यह पूछताछ Vuenow ग्रुप से जुड़े फंड और वित्तीय लेन-देन को लेकर होगी। जांच एजेंसी को जानकारी मिली है कि इस ग्रुप से जुड़ी कुछ कंपनियों के माध्यम से सतनाम संधू को फंड मिला था। अब एजेंसी इस लेन-देन से संबंधित जानकारी जुटाना चाहती है।
Vuenow ग्रुप से मिले फंड को लेकर होगी पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, Vuenow ग्रुप की कुछ कंपनियों से सतनाम संधू को फंड प्राप्त हुआ है। यह ग्रुप कथित पोंजी स्कीम से जुड़े मामले में ED की जांच के दायरे में है। इसी सिलसिले में एजेंसी ने संधू को समन भेजा है। ED यह पता लगाना चाहती है कि संबंधित कंपनियों से उन्हें किस प्रकृति का भुगतान किया गया था और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। जांच एजेंसी इस वित्तीय लेन-देन की वास्तविकता और उससे जुड़े तथ्यों का सत्यापन करना चाहती है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी नहीं हैं सतनाम संधू
इस मामले में एक अहम बात यह है कि ED ने सतनाम संधू को मनी लॉन्ड्रिंग के किसी मामले में उनकी सीधी भूमिका को लेकर आरोपी के तौर पर समन नहीं किया है। उपलब्ध शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्हें केवल फंड से जुड़े लेन-देन की प्रकृति और मकसद की जांच के लिए पूछताछ में शामिल होने को कहा गया है।
राष्ट्रपति ने किया था राज्यसभा के लिए मनोनीत
सतनाम संधू पंजाब के फिरोजपुर के रहने वाले हैं। वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख नामों में शामिल हैं। राष्ट्रपति की ओर से उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। अब ED के समन के बाद 25 नवंबर को होने वाली पूछताछ पर सबकी नजरें रहेंगी।


Comments
No comments yet.