BREAKING : पंजाब में तीर्थ यात्रियों की 2 बसों का भीषण हादसा, 6 लोगों की मौत
यूपी के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 40 यात्री सवार थे, जिनमें से ज्यादातर गहरी नींद में थे। हालांकि, बस चालक की तत्परता और सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रात 2 बजे माइलस्टोन 110 के पास भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास रात करीब 2 बजे हुई। दिल्ली से मध्य प्रदेश की ओर जा रही इस बस में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें भड़क उठीं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, दमकल ने पाया काबू
बस में आग लगने का आभास होते ही चालक ने बिना घबराए तुरंत बस को किनारे रोका और शोर मचाकर सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारने में मदद की। इस घटना में किसी के हताहत होने या झुलसने की कोई खबर नहीं है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
एक महीने पहले नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी हुआ था ऐसा ही हादसा
गौरतलब है कि एक्सप्रेसवे पर चलती बस में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे करीब एक महीने पहले 6 अक्टूबर को भी ग्रेटर नोएडा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर ऐसा ही खौफनाक मंजर देखने को मिला था। नोएडा से आगरा जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस में नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत अचानक आग लग गई थी, जिसमें पूरी बस जलकर खाक हो गई थी। उस हादसे में भी समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।


Comments
No comments yet.