जालंधर में एक साल के बच्चे की जन्मदिन पार्टी के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। गांव ढड्डा में आयोजित पार्टी में एक रिश्तेदार ने डांस करते समय रिवॉल्वर से चार गोलियां चला दीं। इस घटना में 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और फोटोग्राफर घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
फायरिंग में अमनदीप कौर की मौत
मृतका की पहचान अमनदीप कौर (42) निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। वहीं, फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान रजिंदर के रूप में हुई है, जो फगवाड़ा का रहने वाला है। गोली लगने से घायल बच्चे और फोटोग्राफर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जर्मनी से गांव लौटी थी परिवार की बेटी
जानकारी के मुताबिक, गांव ढड्डा निवासी मोता सिंह की बेटी जर्मनी में रहती है। उसका एक बेटा है और पिछले सप्ताह ही वह विदेश से गांव लौटी थी। शनिवार, 10 अक्टूबर को उसके बेटे का पहला जन्मदिन था। इस मौके पर मोता सिंह ने गांव में पार्टी आयोजित की थी, जिसमें परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और करीबी लोगों को बुलाया गया था।
डांस करते समय रिवॉल्वर से चलाईं चार गोलियां
बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान मोता सिंह के दामाद का मामा रजिंदर डांस करते हुए रिवॉल्वर से फायरिंग करने लगा। उसने एक के बाद एक चार राउंड फायर किए। इसी दौरान वहां मौजूद उसके साले की बहू अमनदीप कौर, पास खड़े फोटोग्राफर और एक बच्चे को गोली लग गई। अमनदीप कौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रोकने के बावजूद नहीं माना आरोपी
घटना के बाद पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पतारा के एसएचओ नरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसएचओ के मुताबिक, रिश्तेदारों ने रजिंदर को फायरिंग करने से रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं माना। वारदात के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।





Comments
No comments yet.