मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ रविवार को शारदीय नवरात्रि का आगाज हो रहा है। नवरात्रि को लेकर मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं, वहीं बाजारों में भी त्योहार की रौनक दिखाई देने लगी है। सुबह से ही श्रद्धालु पूजा सामग्री, फूल-मालाएं, माता रानी के वस्त्र, मूर्तियां और सजावटी सामान खरीदने के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। मांग बढ़ने के साथ फूल-मालाओं के दामों में भी उछाल देखने को मिल रहा है।
फूल-मालाओं के दाम बढ़े, छोटी माला 30 से 40 रुपये तक
नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की पूजा के लिए फूलों और मालाओं की मांग बढ़ गई है। बाजार में छोटी माला 30 से 40 रुपये, जबकि बड़ी माला 50 से 60 रुपये तक बिक रही है। श्रद्धालु मां की पूजा और मंदिरों में सजावट के लिए फूल-मालाओं की खरीदारी कर रहे हैं। त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
कपड़ों, आभूषणों और सजावटी सामान की दुकानों पर भीड़
नवरात्रि से पहले बाजारों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है। कपड़ों, आभूषणों, इलेक्ट्रॉनिक सामान और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहक पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के कारोबार में भी तेजी देखने को मिल रही है। कलश, नारियल, चुनरी, मौली, रोली, धूप-अगरबत्ती, कपूर और पूजा के बर्तनों की मांग बढ़ गई है।
माता रानी के त्रिकोण ड्रेस और ब्राइडल लहंगे की बढ़ी मांग
मीठा बाजार स्थित सेवक धूप के संचालक ऋषि शर्मा ने बताया कि लोगों में नवरात्रि को लेकर काफी उत्साह है। माता रानी की पूजा और श्रृंगार के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में खरीदारी कर रहे हैं। इस दौरान माता रानी के त्रिकोण ड्रेस और ब्राइडल लहंगों की मांग भी बढ़ी है।
इस्कॉन मूर्तियों और माता रानी के श्रृंगार का क्रेज
दुकानदार प्रिंस ने बताया कि इस बार दुकान पर माता रानी की सुंदर मूर्तियां उपलब्ध हैं और इस्कॉन शैली की मूर्तियों को लेकर ग्राहकों में खासा रुझान देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु माता रानी के श्रृंगार का सामान भी खरीद रहे हैं। इसके अलावा ब्रास और फाइबर से बनी मूर्तियों की खरीदारी भी की जा रही है।
पारंपरिक परिधानों और पूजा सामग्री की खरीदारी तेज
नवरात्रि के मौके पर चनिया-चोली, लहंगे, कुर्ते, पगड़ी और अन्य पारंपरिक परिधानों की मांग बढ़ रही है। त्योहार की तैयारियों का असर पूजा सामग्री के बाजार में भी साफ दिखाई दे रहा है। दुकानदार संभावित मांग को देखते हुए पहले से ही स्टॉक बढ़ा रहे हैं। नवरात्रि शुरू होने से पहले ही बाजारों में बढ़ी चहल-पहल त्योहार के प्रति श्रद्धालुओं के उत्साह को दिखा रही है।





Comments
No comments yet.