ਮੁਨਾਫਿਆਂ ਦਾ ਕਾਰਡ ਰਾਹੀ ਬਲਵੀਰ ਕੌਰ ਨੇ ਹਲਕਾ ਵੈਸਟ ਦੇ ਲੋਕਾਂ ਨੂੰ ਕੀਤਾ ਜਾਗਰੂਕ
लुधियाना में कार चोरी की एक वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महाराज नगर की गली नंबर-4 में सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश सफेद क्रेटा कार में पहुंचे और महज 4 मिनट 30 सेकंड के अंदर स्विफ्ट का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात करीब 2 बजे गली में पहुंची क्रेटा
जानकारी के मुताबिक घटना 18 सितंबर की रात करीब 2 बजे की है। महाराज नगर की गली नंबर-4 में पांडे डोसा और जिमी साल्ट एंड पेपर के पास सफेद रंग की स्विफ्ट कार खड़ी थी। कार का नंबर PB11CZ1627 बताया गया है। CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि एक सफेद क्रेटा कार गली में बैक करते हुए दाखिल होती है। क्रेटा को स्विफ्ट कार के ठीक पीछे खड़ा किया जाता है, ताकि चोरी की पूरी वारदात सड़क से गुजरने वाले लोगों की नजर से बची रहे।
क्रेटा से उतरा बदमाश, स्विफ्ट के लॉक पर नजर
क्रेटा रुकने के बाद उसकी कंडक्टर साइड से एक व्यक्ति नीचे उतरता है। वह सीधे स्विफ्ट के पास जाता है और ड्राइवर साइड का दरवाजा खोलने की कोशिश करता है। इसके बाद वह कुछ देर तक कार के लॉक के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई देता है। CCTV में उसकी गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं। चोरी की कोशिश के दौरान वह बीच-बीच में अपनी क्रेटा के पास भी जाता रहा।
लॉक तोड़ा और दोनों कारें लेकर हुए फरार
कुछ देर की मशक्कत के बाद बदमाश स्विफ्ट का लॉक तोड़ने में कामयाब हो जाता है। इसके बाद दोनों आरोपी तेजी से कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट को लेकर वहां से निकल जाते हैं। एक बदमाश चोरी की गई स्विफ्ट में बैठता है, जबकि दूसरा सफेद क्रेटा लेकर उसके पीछे निकल जाता है। CCTV फुटेज के मुताबिक पूरी वारदात करीब 4 मिनट 30 सेकंड में पूरी कर ली गई।
पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में ली
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद क्रेटा किसकी है और आरोपी इससे पहले किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।





Comments
No comments yet.