पंजाब में बिजली कटों से हाहाकार! रोपड़ के 3 यूनिट बंद, लुधियाना में तारों में भयंकर स्पार्किंग
पंजाब में बिजली का संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती खपत के चलते राज्य में बिजली की मांग 16 हजार मेगावाट के आंकड़े को पार कर गई है। इस भारी मांग के बीच सरकारी पावर जनरेशन व्यवस्था को बड़ा झटका लगा है, जिससे शहरी और ग्रामीण इलाकों में लंबे अघोषित कट लगने शुरू हो गए हैं।
रोपड़ थर्मल प्लांट की तीन यूनिट्स ठप
बिजली संकट का मुख्य कारण रोपड़ स्थित सरकारी थर्मल प्लांट में आई तकनीकी खराबी है। मंगलवार दोपहर बाद से ही प्लांट की दो यूनिट्स बंद पड़ी थीं, जबकि बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे इसकी तीसरी यूनिट ने भी काम करना बंद कर दिया। जनरेशन कम होने की वजह से पावर ग्रिड पर दबाव बढ़ गया है, जिससे राज्यभर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है।
जर्जर तारों से सड़कों पर स्पार्किंग का खौफ
उत्पादन में कमी के साथ-साथ राज्य का ट्रांसमिशन सिस्टम भी जवाब देने लगा है। बाजारों में सप्लाई लाइनों की समय पर मरम्मत न होने से रोजाना ओवरलोडिंग के कारण तारों में भयंकर स्पार्किंग हो रही है। लुधियाना के चौड़ा बाजार स्थित हजूरी रोड पर मंगलवार देर रात बिजली की तारों में भीषण स्पार्किंग के साथ धमाका हुआ। इसके चलते पूरे इलाके की बत्ती गुल हो गई और लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
सड़कों पर उतरा विपक्ष, आज डीसी दफ्तर पर प्रदर्शन
शहरों और गांवों में लग रहे लंबे-लंबे बिजली कटों से जनता बेहाल है। इस बदहाली के खिलाफ अब राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब सरकार की नाकामी और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अकाली दल आज लुधियाना स्थित डिप्टी कमिश्नर (DC) दफ्तर के बाहर विशाल प्रदर्शन करने जा रहा है।





Comments
No comments yet.