Fri, 11 Sep 2026
Post Details

बरनाला में 5 साल के बच्चे से हैवानियत! चाची ने गर्म तवे-चिमटे से दागा, डंडों से पीटा

बरनाला में 5 साल के बच्चे के साथ कथित तौर पर उसकी चाची द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने बच्चे को डंडों से पीटने के अलावा गर्म तवे और लोहे के चिमटे से उसके शरीर को दागा। बच्चे के शरीर पर चोट और जलने के कई गहरे निशान मिले हैं।

बच्चे के स्कूल पहुंचने पर हुआ खुलासा
बताया जा रहा है कि बच्चा जब इन चोटों और जलने के निशानों के साथ स्कूल पहुंचा तो किसी ने उसकी तस्वीरें और वीडियो बना लिए। सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद मामला सामने आया और इसके बाद समाजसेवी संस्था ने बच्चे की मदद के लिए कदम उठाया।

समाजसेवी संस्था ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया
वीडियो सामने आने के बाद पटियाला की समाजसेवी संस्था 'अपना फर्ज सेवा सोसायटी' के प्रमुख जत्थेदार सतपाल सिंह पाल खरोड़ अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने पंचायत, ग्रामीणों, पुलिस और बाल विकास विभाग की मदद से बच्चे को तुरंत बरनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।

अस्पताल में बच्चे का मेडिकल किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसके शरीर पर चोट और जलने के कई निशान हैं। फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसका वार्ड में इलाज चल रहा है।

मां की मौत के बाद बड़े भाई को दिया था बच्चा
बच्चे के पिता मूल चंद ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उनके बड़े भाई पड़ोस में रहते हैं और उनकी चार बेटियां हैं, जबकि कोई बेटा नहीं था। इसी वजह से करीब ढाई साल पहले उन्होंने अपने छोटे बेटे को बड़े भाई को गोद दे दिया था। वह रोज सुबह मजदूरी के लिए घर से निकल जाते थे और देर शाम वापस लौटते थे। इसी कारण उन्हें कथित तौर पर बच्चे के साथ हो रही मारपीट की जानकारी नहीं मिल सकी।

बच्चे ने सुनाई दर्दनाक आपबीती
बच्चे ने बताया कि उसकी चाची उसे डंडों से पीटती थी और गर्म तवे तथा लोहे के चिमटे से शरीर पर दागती थी। बच्चे के मुताबिक, उसे कई बार तेज धूप में हाथ में पानी की भारी बोतल पकड़ाकर घंटों खड़ा भी रखा जाता था। बच्चे के पिता ने आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस और बाल सुरक्षा विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
बरनाला के ASI जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस अस्पताल से बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट हासिल करेगी। इसके साथ ही परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बाल सुरक्षा विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 217838

Share this Post