Wed, 09 Sep 2026
Post Details

मोहाली CLU मामले में अनुराग वर्मा की बढ़ी मुश्किलें, फाइल लेकर जालंधर में ED ऑफिस पहुंचे

पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा बुधवार को मोहाली में CLU (चेंज ऑफ लैंड यूज) मंजूरियों से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंचे। अनुराग वर्मा सुबह करीब 11:07 बजे ED कार्यालय पहुंचे और उनके हाथ में दस्तावेजों की एक फाइल नजर आई।

गाड़ी से उतरकर सीधे ED दफ्तर में दाखिल हुए

अनुराग वर्मा अपनी गाड़ी से उतरने के बाद सीधे ED कार्यालय के अंदर चले गए। एजेंसी के अधिकारी उनसे मोहाली में रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़ी CLU मंजूरियों और कथित अनियमितताओं के संबंध में पूछताछ करेंगे। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान जरूरी सरकारी दस्तावेजों और रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।

पहले भी जारी हो चुके हैं कई समन

ED ने अनुराग वर्मा को इससे पहले 31 अगस्त को पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन वह उस दिन एजेंसी के सामने पेश नहीं हो सके थे। उन्होंने जरूरी सरकारी दस्तावेज और रिकॉर्ड जुटाने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। इसके बाद ED ने पेशी की नई तारीख तय की।

7 सितंबर को भी उन्हें ED के सामने पेश होना था, लेकिन वह उस दिन भी उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद उन्हें दोबारा समन जारी कर 9 सितंबर को सुबह 10 बजे ED कार्यालय पहुंचने के लिए कहा गया था।

₹348 करोड़ के कथित घोटाले की जांच

यह पूरा मामला मोहाली की ‘सनटेक सिटी’ और ‘अल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड’ से जुड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में कथित अनियमितताओं का है। ED करीब ₹348 करोड़ के कथित घोटाले और इससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रही है।

कथित अनियमितताओं के समय हाउसिंग विभाग में थे अनुराग वर्मा

अनुराग वर्मा फिलहाल रेवेन्यू डिपार्टमेंट में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं। हालांकि, जिन कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है, उस दौरान वह हाउसिंग और अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसी वजह से ED उनसे CLU मंजूरियों और संबंधित सरकारी रिकॉर्ड के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 217253

Share this Post