Wed, 09 Sep 2026
Post Details

लुधियाना जाने वाले ज़रा ध्यान दें! कल शहर पूरी तरह से रहेगा बंद

जालंधर बाईपास चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से कथित तौर पर बेअदबी का मामला सामने आने के बाद लुधियाना में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के विरोध में लोगों ने जालंधर बाईपास चौक को पूरी तरह जाम कर दिया। वहीं, अब इस घटना के विरोध में बुधवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लुधियाना बंद रखने की कॉल दी गई है।

प्रतिमा के गले में डाला जूतों का हार

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम जालंधर बाईपास चौक पर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। आरोप है कि शरारती तत्वों ने प्रतिमा के गले में जूतों का हार डाल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया।

जालंधर बाईपास चौक पर लगाया जाम

घटना के बाद बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग जालंधर बाईपास चौक पर पहुंच गए और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि एक घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वाल्मीकि समाज में भारी रोष

डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई इस कथित बेअदबी को लेकर वाल्मीकि भाईचारे के लोगों में भी भारी रोष देखने को मिला। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

जालंधर में भी शुरू हुए विरोध प्रदर्शन

लुधियाना में हुए इस घटनाक्रम का असर अब अन्य शहरों में भी दिखाई देने लगा है। जालंधर में भी घटना के विरोध में रोष प्रदर्शन शुरू होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में आने वाले समय में विरोध का दायरा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

 

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 217253

Share this Post