Sun, 13 Sep 2026
Post Details

लुधियाना नगर निगम में हाईवोल्टेज ड्रामा! F&CC चुनाव को लेकर जमकर हंगामा, पार्षद भिड़े

लुधियाना नगर निगम हाउस में मंगलवार को फाइनेंस एंड कॉन्ट्रेक्ट कमेटी (F&CC) के दो सदस्यों के चुनाव को लेकर बुलाई गई मीटिंग में जमकर हंगामा हो गया। मेयर इंदरजीत कौर की अगुआई में यह बैठक गुरुनानक देव भवन में रखी गई थी। इसी दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षद अश्वनी शर्मा और भाजपा पार्षद गौरवजीत गोरा के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों और पुलिस कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।

चुनाव की तारीख को लेकर विपक्ष और मेयर आमने-सामने
F&CC के दो सदस्यों के चुनाव को लेकर भाजपा पार्षदों की विधायक दलजीत सिंह भोला के साथ बहस हो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर विधायक दलजीत भोला के पूर्व PA रहे AAP पार्षद अश्वनी शर्मा भी विवाद में पहुंच गए और भाजपा पार्षद गौरवजीत गोरा के साथ उनकी हाथापाई हो गई।

विपक्षी पार्षदों की मांग है कि F&CC के दो सदस्यों के लिए आज ही वोटिंग करवाई जाए। वहीं मेयर इंदरजीत कौर का कहना है कि चुनाव 29 अगस्त को करवाया जाएगा। चुनाव की तारीख को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा।

AAP उम्मीदवारों की गैरमौजूदगी पर विपक्ष ने उठाए सवाल
विपक्षी पार्षदों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार आज बैठक में मौजूद नहीं हैं और इसी वजह से चुनाव को टाला जा रहा है। उनका कहना है कि अगर उम्मीदवार मौजूद नहीं हैं तो चुनाव की प्रक्रिया में देरी क्यों की जा रही है।

वहीं निगम के सेक्रेटरी विवेक वर्मा ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि उम्मीदवार शाम 5 बजे तक नामांकन फॉर्म ले सकते हैं। नियम के अनुसार फॉर्म जमा होने के तीन दिन बाद वोटिंग करवाई जाएगी। इसके बाद मेयर इंदरजीत कौर ने स्पष्ट किया कि F&CC के सदस्यों का चुनाव बैलेट पेपर के जरिए होगा। मीटिंग के दौरान हुए हंगामे और पार्षदों के बीच हाथापाई के बाद नगर निगम हाउस में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और अन्य पार्षदों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाला गया।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 218302

Share this Post