Mon, 10 Aug 2026
Post Details

जालंधर में पुरानी रंजिश के तहत बदमाशों गुंडागर्दी! घर पर तेजधार हथियारों से हमला, फिर चली गोलियां

जालंधर के बूटा पिंड इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर देर रात करीब 3 बजे बदमाशों द्वारा एक घर पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घर पर तेजधार हथियारों से हमला करने के बाद गोलियां भी चलाईं। इस दौरान गली में खड़ी दो कारों के शीशे भी टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान दो खोल बरामद किए गए।

घर में बच्चों के साथ सो रही थी महिला
बूटा पिंड निवासी रेखा ने बताया कि वह देर रात अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान इलाके में रहने वाले कुछ युवक पुरानी रंजिश के चलते तेज रफ्तार बाइक पर उनके घर के बाहर पहुंचे। बाइक रोकने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसके बाद बदमाशों ने उनके घर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में घर की खिड़की टूट गई और आरोपियों ने दरवाजे को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

गोलियां चलाकर फरार हुए हमलावर
पीड़िता ने आरोप लगाया कि परिवार डर के कारण बच्चों को लेकर घर की छत पर चला गया। बदमाश गाली-गलौज करते हुए तीन राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। हमले के दौरान गली में खड़ी दो कारों के शीशे भी टूट गए। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

थाना नंबर 6 की एसएचओ राजवंत कौर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस को घटनास्थल से दो खोल बरामद हुए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 192935