पंजाब सरकार के प्रतिनिधि बलतेज पन्नू ने मावां धीया सत्कार योजना के तहत ताजा आंकड़े जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक राज्यभर में 72 लाख 56 हजार 686 महिलाओं और लड़कियों का पंजीकरण किया जा चुका है। योजना को लेकर पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों का अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है।
पटियाला पहले, अमृतसर दूसरे और जालंधर तीसरे स्थान पर
जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक पंजीकरण पटियाला जिले में हुए हैं, जहां 5 लाख 50 हजार 35 महिलाओं ने योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके बाद अमृतसर दूसरे स्थान पर है, जहां 5 लाख 39 हजार 285 महिलाओं का पंजीकरण हुआ है। जालंधर 5 लाख 9 हजार 707 पंजीकरण के साथ तीसरे स्थान पर है। सरकार का कहना है कि मालवा, माझा और दोआबा क्षेत्र में इस योजना को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिन पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अब तक योजना का लाभ नहीं पहुंचा है, उनके दस्तावेजों और विवरण का 1 अगस्त से दोबारा सत्यापन किया जाएगा, ताकि सभी योग्य लाभार्थियों तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाया जा सके।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के भी जारी किए आंकड़े
इस दौरान बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना शुरू होने के केवल साढ़े छह महीनों में 5.12 लाख लोगों को 914 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा अब तक 50.3 लाख से अधिक ई-स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।





Comments
No comments yet.