Sun, 06 Sep 2026
Post Details

पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर बढ़ा तनाव, किसानों के विरोध के बीच हाईवे प्रभावित

अमेरिका-भारत के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब के किसानों ने मंगलवार सुबह दिल्ली कूच शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में किसान पटियाला-अंबाला के बीच स्थित शंभू बॉर्डर और संगरूर-जींद मार्ग पर बने खनौरी बॉर्डर पहुंच गए। किसानों के दिल्ली मार्च की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस ने दोनों बॉर्डरों पर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

दोनों सीमाओं पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। मौके पर जेसीबी मशीनें भी लगाई गई हैं ताकि यदि प्रदर्शनकारी किसी प्रकार का अस्थायी या स्थायी ढांचा तैयार करने की कोशिश करें तो उसे तुरंत हटाया जा सके। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

किसानों ने शुरू की पक्का मोर्चा लगाने की तैयारी
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद किसान दोनों बॉर्डरों पर ही बैठ गए हैं। किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण पंधेर के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी अब वहीं पक्का मोर्चा लगाने की तैयारी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

अंबाला में धारा 163 लागू, पुलिस ने जारी की चेतावनी
किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अंबाला पुलिस ने क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग से 100 मीटर दूर रहने की चेतावनी दी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

जालंधर-दिल्ली हाईवे पर यातायात प्रभावित
शंभू बॉर्डर बंद होने का असर जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर भी देखने को मिला, जहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। इसके चलते हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216297

Share this Post