Sat, 31 Oct 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

चुरहट (कोस्टा)के जंगल में मिले युवती के कंकाल हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार # शादी का दबाव बनने पर पत्थर से की हत्या, साक्ष्य मिटाने की भी की कोशिश,

 

 भोपाल (सुरेन्द्र दुबे)सीधी  जिले के  चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम कोष्टा-पवाई के जंगल में मिले 19 वर्षीय युवती के कंकाल हत्याकांड का सीधी पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध के दौरान शादी को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने युवती की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद घटना को छिपाने के लिए मोबाइल फोन तोड़कर नदी में फेंक दिया और भ्रामक संदेश भेजकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में चुरहट थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से इस अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

 

ऐसे खुला मामला,

 

30 जून 2026 को ग्राम कोष्टा-पवाई के जंगल में एक अज्ञात मानव कंकाल मिलने पर थाना चुरहट में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डीएनए परीक्षण और परिजनों द्वारा पहचान के बाद मृतका की पहचान प्रियंका साकेत (19 वर्ष), निवासी ग्राम मवई, थाना चुरहट के रूप में हुई। जांच के दौरान हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

 

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस,

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। पुलिस ने मृतका के मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया और उसके संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पवन कारपेंटर (20 वर्ष), निवासी ग्राम चिलरी कला, थाना कमर्जी पर संदेह गहराया। पूछताछ में पहले उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के सामने उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

 

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह,

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2025 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। मृतका लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी अलग-अलग जाति होने का हवाला देकर शादी से इंकार कर रहा था। 24 जून को आरोपी ने युवती को चुरहट बुलाया और दोनों कोष्टा-पवाई के जंगल पहुंचे। वहां शादी को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्थर से सिर और कान के पास वार कर उसकी हत्या कर दी।

 

साक्ष्य मिटाने की कोशिश

 

हत्या के बाद आरोपी ने मृतका का मोबाइल बंद कर उसकी बहन को व्हाट्सएप पर भ्रामक संदेश भेजा, ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में मोबाइल तोड़कर नरकुई नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध हत्या, साक्ष्य छिपाने तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

 

इस पूरे मामले के खुलासे में थाना चुरहट की निरीक्षक रीता त्रिपाठी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 259098

Share this Post