Tue, 21 Jul 2026

जलंधरवासियों कल सोच समझ कर ही घर से निकलें, पीएम मोदी के दौरे के कारण बंद रहेंगे ये रास्ते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन के उद्घाटन कार्यक्रम के मद्देनजर जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स सहित प्रमुख चौकों पर यातायात का रूट बदला गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

  

पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार लुधियाना की ओर से आने वाले भारी वाहनों को फगवाड़ा से ही सतनामपुरा, जीटी रोड बस्ती और कपूरथला-सुल्तानपुर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार होशियारपुर और पठानकोट की दिशा से आने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से शहर में प्रवेश कराया जाएगा, जबकि मोगा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।

शहर के अंदर भी कई प्रमुख चौकों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। मैकडॉनल्ड चौक से जीएनए चौक की ओर दीप नगर होते हुए ट्रैफिक भेजा जाएगा, जबकि जीएनए चौक से दीप नगर की ओर आने वाले वाहनों को डिफेंस कॉलोनी और बस स्टैंड की ओर मोड़ा जाएगा। माहिरा रेस्टोरेंट, बस स्टैंड, रामा मंडी फ्लाईओवर, बीएसएफ चौक, किशनपुरा चौक, लामा पिंड चौक, मकसूदां चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक, नकोदर चौक, 66 फुटी रोड, सरां चौक और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

एडवाइजरी के अनुसार जालंधर से अमृतसर जाने वाले वाहन कपूरथला और सुल्तानपुर मार्ग का उपयोग करेंगे। होशियारपुर जाने वाले वाहनों को नकोदर चौक, कपूरथला चौक, वर्कशॉप चौक, किशनपुरा चौक और आदमपुर की ओर भेजा जाएगा। लुधियाना जाने वाले वाहनों के लिए 66 फुटी रोड, जामशेर, जीएनए चौक और हवेली होते हुए फगवाड़ा का मार्ग निर्धारित किया गया है, जबकि पठानकोट जाने वाले वाहनों को मकसूदां चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक और नकोदर चौक से होकर बस स्टैंड जालंधर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शुक्रवार को अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले मार्गों पर जाने से बचें, पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें तथा किसी भी असुविधा से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए यातायात को रोका या डायवर्ट भी किया जा सकता है।


92

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 180914