Tue, 21 Jul 2026

पंजाब में सरपंची की रंजिश में दाना मंडी बना अखाड़ा, 100 राउंड फायरिंग में एक की मौत

अमृतसर के गांव भकना कलां की दाना मंडी में सरपंची को लेकर चल रहा पुराना विवाद शुक्रवार शाम एक खूनी संघर्ष में बदल गया। सरपंच गुरदीप सिंह और पंचायत सदस्य प्रगट सिंह उर्फ बल्लू के गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई इस कदर बढ़ गई कि दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह के अनुसार, दोनों पक्ष पहले से तय योजना के तहत 10 से 15 गाड़ियों में अपने समर्थकों के साथ दाना मंडी पहुंचे थे। कहासुनी के बाद शुरू हुई इस झड़प में करीब 100 राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मौत का तांडव और पुलिस की कार्रवाई
इस भीषण गोलीबारी में प्रगट सिंह के गुट के गांव कोटली निवासी गुरशरण सिंह उर्फ चीनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुखमन नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर बड़ी वारदात को अंजाम दे चुके थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से और आसपास के इलाकों से 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अस्पताल में उपचाराधीन घायल सुखमन को भी पुलिस हिरासत में लेकर सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
डीएसपी यादविंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि सरपंची की रंजिश के चलते हुए इस हमले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और पुलिस जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने का दावा कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।


133

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 180937