Mon, 07 Sep 2026
Post Details

पीएम मोदी के संभावित दौरे से पहले जालंधर कैंट स्टेशन पर हलचल, तैयारियों की समीक्षा कर रहे मंत्री रवनीत बिट्टू

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आज जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। स्थानीय भाजपा नेताओं और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका भव्य स्वागत किया। करीब 98.89 करोड़ रुपये की लागत से कैंट स्टेशन का कायाकल्प किया गया है, जिसे अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, तारीख पर स्थिति जल्द होगी स्पष्ट
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पुष्टि की कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के नए स्वरूप का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्घाटन की तारीख में बदलाव की संभावना हो सकती है, इसलिए अभी कोई निश्चित तिथि घोषित नहीं की गई है। बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा की लीडरशिप पूरी तरह सक्रिय है और 17 तारीख तक पंजाब में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

1500 स्टेशनों के आधुनिकीकरण का मिशन
रेल राज्य मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार देश भर के 100 साल से अधिक पुराने 1500 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का महत्वाकांक्षी कार्य कर रही है। जालंधर कैंट स्टेशन भी इसी ऐतिहासिक सूची में शामिल है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इतने बड़े स्तर के निर्माण कार्यों में छोटी-मोटी कमियां रह जाना स्वाभाविक है, लेकिन उनकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि उद्घाटन से पहले सभी खामियों को पूरी तरह दूर कर लिया जाए। आगामी 17 तारीख तक जो भी स्टेशन तैयार हो जाएंगे, उन सभी का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216343

Share this Post