Mon, 07 Sep 2026
Post Details

जालंधर में वेपन रिकवरी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, एनडीपीएस केस का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

जालंधर में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। थाना-7 क्षेत्र में दर्ज फायरिंग मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस आरोपी को उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कराने लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी की टांग में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान शामदास निवासी दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है, जो फिलहाल जालंधर के गढ़ा स्थित फगवाड़ी मोहल्ले में रह रहा था। उसे 4 जुलाई को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का एक अन्य मामला भी दर्ज है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में पता चला था कि आरोपी ने जिस हथियार का इस्तेमाल फायरिंग की वारदात में किया था, उसे छिपाकर रखा हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसे हथियार बरामद कराने लेकर पहुंची। इस दौरान वह लगातार पुलिस को गलत स्थान बताकर गुमराह करता रहा। जब पुलिसकर्मी उससे कुछ दूरी पर हथियार तलाश रहे थे, तभी आरोपी ने पुलिस कस्टडी से खुद को छुड़ाया, छिपा हुआ हथियार निकाला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आरोपी की फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के एक एएसआई द्वारा की गई फायरिंग में आरोपी की टांग में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू कर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अमरजीत नामक व्यक्ति पर फायरिंग की थी, जो उसका रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी बिहार से नशीले पदार्थ लाकर पंजाब में सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे इस मामले में कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216343

Share this Post