श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की अगुवाई में सिख श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंचे, जहां उन्होंने "बोले सो निहाल, सत श्री अकाल" के जयकारों के साथ अपनी धार्मिक यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों में माथा टेकेंगे और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
561 के लिए मांगा गया था वीजा, 541 को मिली मंजूरी
SGPC की ओर से इस यात्रा के लिए 561 श्रद्धालुओं के वीजा की मांग की गई थी। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने 541 श्रद्धालुओं को ही वीजा जारी किया, जबकि 20 आवेदनों को मंजूरी नहीं दी गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा का हिस्सा बने हैं।
18 जून को होंगे मुख्य धार्मिक समागम
धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि पाकिस्तान में 18 जून को श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस से जुड़े मुख्य धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। जत्था ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने के साथ इन समागमों में भी शामिल होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी श्रद्धालु 19 जून को भारत लौट आएंगे।
Comments
No comments yet.