मोहाली को मिला नया मेयर, AAP विधायक के बेटे सरबजीत सिंह समाना संभालेंगे कमान
लुधियाना के चौड़ा बाजार स्थित सराफा बाजार में एक ज्वैलरी शॉप से दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। न्यू आतम ज्वैलर्स नामक दुकान से एक युवक सोने के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गया। दुकान के मालिक आतम प्रकाश पासीन ने बताया कि आरोपी ने पहले ग्राहक बनकर विश्वास जीता और फिर योजनाबद्ध तरीके से चोरी को अंजाम दिया।
उनके अनुसार, आरोपी सोमवार को पहली बार दुकान पर आया था। उसने एक सोने की कैंठी, झुमकियों की जोड़ी और मैचिंग कान के कांटे देखने की इच्छा जताई। काफी देर तक आभूषण देखने के बाद वह यह कहकर चला गया कि वह अगले दिन खरीदारी के लिए दोबारा आएगा।
कोल्ड ड्रिंक और नमकीन के बहाने बनाया मौका
मंगलवार सुबह करीब 11:35 बजे आरोपी फिर दुकान पर पहुंचा। उस समय दुकान मालिक दुकान पर मौजूद थे। बातचीत के दौरान युवक ने दुकान के कर्मचारी को पहले कोल्ड ड्रिंक लाने के लिए बाहर भेजा। जब कर्मचारी वापस लौटा तो आरोपी ने नमकीन मंगवाने का बहाना बनाकर उसे दोबारा दुकान से बाहर भेज दिया।
इसी दौरान दुकान मालिक ने वह सभी आभूषण युवक के सामने रख दिए, जिन्हें उसने एक दिन पहले पसंद किया था। कर्मचारी के बाहर जाते ही आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और टेबल पर रखे सोने के सभी गहने समेट लिए।
पलक झपकते ही दुकान से भागा आरोपी
दुकान मालिक के मुताबिक, युवक ने कुछ देर तक उठने-बैठने का नाटक किया और जैसे ही मौका मिला, वह सोने के गहने लेकर दुकान से बाहर भाग निकला। आतम प्रकाश ने उसे पकड़ने की कोशिश की और उसके पीछे दौड़े भी, लेकिन आरोपी तेजी से फरार होने में सफल रहा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है। सराफा बाजार के व्यापारियों ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Comments
No comments yet.