Mon, 07 Sep 2026
Post Details

'अभी ट्रेलर है, पूरी पिक्चर बाकी है', फायरिंग के बाद भाजपा नेता को मिली धमकी

पंजाब के गुरदासपुर में भाजपा नेता विजय सोनी के पेट्रोल पंप पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के समय विजय सोनी पेट्रोल पंप पर बैठकर हिसाब-किताब देख रहे थे। अचानक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हालांकि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

लाइसेंसी रिवॉल्वर से किया जवाबी हमला
विजय सोनी ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही उन्होंने अपने पास रखे बैग से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और हमलावरों पर जवाबी फायरिंग की। उन्होंने दो से तीन राउंड फायर किए, जिसके बाद हमलावर मौके से बाइक पर फरार हो गए। घटना के दौरान उनकी कार पर 2 से 3 गोलियां लगीं।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो युवक बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

विदेशी नंबरों से मिल रही थीं धमकियां
विजय सोनी के भांजे के अनुसार, उनके मामा भाजपा के जिला ट्रेड सेल के प्रधान हैं और लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से उन्हें विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल और संदेश मिल रहे थे, जिन्हें वे अक्सर नजरअंदाज कर देते थे।

फायरिंग के बाद मांगी 2 करोड़ की फिरौती
परिजनों के मुताबिक, वारदात के बाद हमलावरों ने एक मैसेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। धमकी में कहा गया है कि यह हमला सिर्फ "ट्रेलर" था। यदि 10 दिनों के भीतर रकम नहीं दी गई तो "पूरी पिक्चर" दिखाने की चेतावनी दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216357

Share this Post