जालंधर के भार्गव कैंप में पुलिस द्वारा एक महिला और उसके परिवार के साथ की गई मारपीट का मामला अब गर्माता जा रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। एडीसीपी-2 राकेश यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
बिना महिला पुलिसकर्मी के रेड
इस पूरे मामले की कमान अब एसीपी को सौंपी गई है। एडीसीपी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह एक घरेलू विवाद था, जिसमें एक महिला ने अपने बच्चे को पति द्वारा ले जाने की शिकायत दी थी। हालांकि, मौके पर गई पुलिस टीम ने जिस तरह का व्यवहार किया, इसकी रिपोर्ट जल्द पेश की जाएगी।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, पीड़ित महिला ममता ने ASI प्रवीण और सिविल ड्रेस में आए उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता के अनुसार, जब उनके बेटे सो रहे थे, तभी पुलिस ने घर में घुसकर हमला किया और बातचीत की कोशिश करने पर उन्हें बेरहमी से पीटा गया। महिला ने यह भी खुलासा किया कि उनके बेटे और बहू का विवाह नाबालिग उम्र में भागकर हुआ था और उस समय भी पुलिस ने उनके साथ काफी क्रूरता दिखाई थी।





Comments
No comments yet.