Mon, 16 Mar 2026
G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it

BREAKING : महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन, बारामती में हुआ हादसा

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (66 वर्ष) का बुधवार सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर उस समय हुआ, जब उनका प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन लैंडिंग कर रहा था। शुरूआती जानकारी के मुताबिक, विमान रनवे से फिसल गया, जिसके बाद यह गंभीर दुर्घटना हुई।

इस हादसे में अजित पवार के साथ उनके पर्सनल असिस्टेंट, सुरक्षाकर्मी और प्लेन स्टाफ समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे और मौतों की पुष्टि की है।

मुंबई से बारामती जा रहे थे अजित पवार
अजित पवार मुंबई से प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन के जरिए बारामती पहुंचे थे। उन्हें महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के सिलसिले में बारामती में चार चुनावी सभाओं में शामिल होना था। हादसे की सूचना मिलते ही पवार परिवार के सदस्य मुंबई स्थित उनके आवास के लिए रवाना हो गए हैं।

शुरुआती जांच में सामने आई जानकारी
बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान तकनीकी या मौसम संबंधी कारणों से विमान संतुलन खो बैठा और रनवे से बाहर निकल गया। DGCA की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

अजित पवार का राजनीतिक सफर
अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को अहमदनगर जिले के देवलाली प्रवरा में हुआ था। वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार के बड़े भाई अनंतराव पवार के पुत्र थे। उनके पिता फिल्म जगत से जुड़े हुए थे और मुंबई में वी. शांताराम के राजकमल स्टूडियो में काम करते थे।

उन्होंने बारामती स्थित महाराष्ट्र एजुकेशन सोसायटी हाई स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। कॉलेज के दौरान पिता के निधन के बाद उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी।

अजित पवार ने वर्ष 1982 में राजनीति में कदम रखा। शुरुआती दौर में उन्होंने सहकारी संस्थाओं में काम किया और एक सहकारी चीनी कारखाने के बोर्ड के लिए चुनाव लड़ा। बाद में वह सहकारी बैंक के अध्यक्ष बने और लगभग 16 वर्षों तक इस पद पर रहे।

लगातार छह बार विधायक
1995 में उन्होंने पहली बार पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर महाराष्ट्र विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 में भी वह लगातार इसी सीट से विधायक चुने गए।

मंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में लंबा अनुभव
अजित पवार ने महाराष्ट्र सरकार में कृषि, ऊर्जा, योजना, सिंचाई और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों का जिम्मा संभाला। 2010 में वह पहली बार उपमुख्यमंत्री बने। इसके बाद अलग-अलग सरकारों में अब तक वह कुल पांच बार उपमुख्यमंत्री पद पर रह चुके थे।

2019 में उन्होंने एक ही साल में दो अलग-अलग मुख्यमंत्रियों के साथ उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। साल 2023 में वह एक बार फिर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री बने थे। अजित पवार की पत्नी का नाम सुनेत्रा पवार है, जो महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पदम सिंह पाटिल की बहन हैं। उनके दो बेटे हैं जय पवार और पार्थ पवार।


20

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 146934